चंबा-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार सुबह दिनका घार के पास भारी बारिश के कारण भूस्खलन होने से करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहा। मार्ग बंद होने से...
चंबा-भरमौर हाईवे पर भूस्खलन, एक घंटा यातायात ठप
चंबा-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार सुबह दिनका घार के पास भारी बारिश के कारण भूस्खलन होने से करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहा। मार्ग बंद होने से एनएच के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जानकारी के अनुसार, सुबह हुई मूसलाधार बारिश के चलते दिनका घार के समीप नाले में उफान आने से भारी मात्रा में मलबा राष्ट्रीय राजमार्ग पर आ गया, जिससे सडक़ पूरी तरह अवरुद्ध हो गई। सुबह करीब आठ बजे सूचना मिलने पर एनएच प्रबंधन ने जेसीबी मशीन मौके पर भेजकर मलबा हटाने का कार्य शुरू किया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद सुबह नौ बजे सडक़ से मलबा हटाकर यातायात बहाल कर दिया गया। इसके बाद दोनों ओर फंसे वाहनों की आवाजाही सामान्य हो सकी।
एनएच मंडल चंबा के सहायक अभियंता वीरेंद्र ठाकुर ने बताया कि दिनका घार के पास भूस्खलन के कारण मार्ग अस्थायी रूप से बंद हुआ था, जिसे समय रहते बहाल कर दिया गया।