उपतहसील धरवाला के अंतर्गत ग्राम पंचायत खुंदेल की अपर एहलमी धार में आसमानी बिजली गिरने से करीब 35 भेड़-बकरियों की मौत हो गई, जबकि करीब 30 भेड़-बकरियां...
आसमानी बिजली ने बरपाया कहर, 35 भेड़-बकरियां मरीं
उपतहसील धरवाला के अंतर्गत ग्राम पंचायत खुंदेल की अपर एहलमी धार में आसमानी बिजली गिरने से करीब 35 भेड़-बकरियों की मौत हो गई, जबकि करीब 30 भेड़-बकरियां अचेत हो गईं। घटना में एक भेड़पालक भी घायल हुआ है। उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत गान के डीगेड गांव के भेड़पालक ठाकरू राम, महिंद्र और तिलक राज इन दिनों अपनी भेड़-बकरियों के साथ एहलमी धार में अस्थायी डेरे में ठहरे हुए थे। गत देर रात तेज गर्जना के साथ अचानक आसमानी बिजली भेड़-बकरियों के झुंड पर गिर गई। इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही एपीएमसी चंबा के चेयरमैन ललित ठाकुर ने तत्काल संज्ञान लिया।
उन्होंने पशुपालन विभाग चंबा के उपनिदेशक से दूरभाष पर संपर्क कर घटनास्थल पर वेटरनरी फार्मासिस्ट और मेडिकल टीम भेजने के निर्देश दिए, ताकि घायल पशुओं को समय पर उपचार मिल सके। साथ ही मृत पशुओं का पोस्टमार्टम और नुकसान का आकलन करने को कहा। ललित ठाकुर ने नायब तहसीलदार धरवाला से भी बात कर संबंधित पटवारी को मौके पर पहुंचकर नुकसान की विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को स्थिति का जायजा लेकर रिपोर्ट तैयार करने को कहा है। इसी रिपोर्ट के आधार पर प्रभावित भेड़पालकों को नियमानुसार मुआवजा प्रदान किया जाएगा।