लाहुल-स्पीति जिला के ड्रिलबुरी में धार्मिक आयोजन ‘कोरा’ के दौरान अचानक हुई बर्फबारी के चलते दो महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई, ज...
पवित्र ड्रिलबुरी पर्वत की परिक्रमा करते दो महिला श्रद्धालुओं की मौत
लाहुल-स्पीति जिला के ड्रिलबुरी में धार्मिक आयोजन ‘कोरा’ के दौरान अचानक हुई बर्फबारी के चलते दो महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 11 अन्य घायल हो गए। महिलाओं की मौत की वजह ऑक्सीजन की कमी और अत्यधिक ठंड मानी जा रही है। जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह करीब साढ़े चार बजे से पांच बजे के बीच ऊंचाई वाले क्षेत्र में अचानक तेज बर्फबारी शुरू हो गई। इससे ‘कोरा’ मार्ग पर बर्फ जमने के साथ रास्ता बेहद फिसलन भरा हो गया। इस दौरान पवित्र ड्रिलबुरी पर्वत की परिक्रमा के दौरान फिसलकर गिरने से दो महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 11 अन्य श्रद्धालु घायल हो गए। प्रशासन के अनुसार ऊंचाई वाले दुर्गम ट्रैक पर बर्फबारी के कारण श्रद्धालुओं को संभलने का मौका नहीं मिला और कई लोग फिसलकर गिर पड़े। हादसे में दो महिलाओं ने गंभीर चोटों के चलते दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान दावा दोमा भूटिया पत्नी स्वर्गीय ताशी छेरिंग भूटिया निवासी डोमा लॉज दार्जिलिंग (पश्चिम बंगाल) तथा यांगजिन निवासी केलांग के रूप में हुई है।
हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस, संबंधित बचाव दल सक्रिय हुए और ट्रैक पर फंसे तथा घायल श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकालकर क्षेत्रीय अस्पताल केलांग पहुंचाया गया। अस्पताल में सभी घायलों को प्राथमिक उपचार करने के साथ चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है। लाहुल-स्पीति की उपायुक्त किरण भड़ाना ने बताया कि जिला प्रशासन ने हादसे में जान गंवाने वाले दोनों श्रद्धालुओं के परिवारों को तत्काल 25-25 हजार रुपए की फौरी राहत प्रदान की है। उधर, ड्रिलबुरी परिक्रमा हादसे पर लाहुल-स्पीति की विधायक अनुराधा राणा ने गहरा दु:ख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की मृत्यु दुर्भाग्यपूर्ण है।