श्री मणिमहेश यात्रा के दौरान आयोजित किए जा रहे रेडक्रास लक्की ड्रॉ के दूसरे सप्ताह के लिए टिकट नंबर 515 के धारक नवीन कुमार पुत्र जयकरण, निवासी ग्राम र...
मणिमहेश यात्रा…टिकट नंबर 515 पर फ्री सफर
श्री मणिमहेश यात्रा के दौरान आयोजित किए जा रहे रेडक्रास लक्की ड्रॉ के दूसरे सप्ताह के लिए टिकट नंबर 515 के धारक नवीन कुमार पुत्र जयकरण, निवासी ग्राम रेहला, तहसील भरमौर को विजेता घोषित किया गया है। लक्की ड्रॉ के विजेता को भरमौर से गौरीकुंड तक हेली टैक्सी के माध्यम से यात्रा करने का अवसर मिलेगा। एसडीएम भरमौर अजय कुमार सिंह ने बताया कि श्री मणिमहेश यात्रा 25 अगस्त से 19 सितंबर तक आयोजित की जा रही है। यात्रा अवधि के दौरान प्रत्येक सप्ताह रेडक्रास लक्की ड्रॉ निकाला जाएगा।
प्रत्येक सप्ताह चयनित विजेता को भरमौर से गौरीकुंड तक हेली टैक्सी से यात्रा करने का अवसर प्रदान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि रेडक्रास लक्की ड्रॉ के टिकट की कीमत 100 रुपये निर्धारित की गई है। इच्छुक श्रद्धालु और आमजन लक्की ड्रॉ के टिकट उपमंडलाधिकारी कार्यालय भरमौर तथा तहसील कार्यालय होली से प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा क्यूआर कोड के माध्यम से ऑनलाइन टिकट खरीदने की सुविधा भी उपलब्ध करवाई गई है।
एसडीएम ने दूसरे सप्ताह के विजेता टिकट नंबर 515 के धारक नवीन कुमार को बधाई दी। उन्होंने बताया कि निर्धारित प्रक्रिया के तहत टिकट का सत्यापन करने के बाद विजेता को हेली टैक्सी यात्रा की सुविधा प्रदान की जाएगी। उन्होंने आमजन और देश-प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से मणिमहेश यात्रा पर पहुंच रहे श्रद्धालुओं से रेडक्रास लक्की ड्रॉ में बढ़-चढक़र भाग लेने की अपील की।