शाहपुर (कांगड़ा)। पुलिस थाना शाहपुर के अंतर्गत अनसुई (लाहेड) में एक विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में घर के समीप ही खेत से बरामद हुआ है। मृतका क...
लापता महिला का खेत में मिला शव, पति और दो ननदें गिरफ्तार
शाहपुर (कांगड़ा)। पुलिस थाना शाहपुर के अंतर्गत अनसुई (लाहेड) में एक विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में घर के समीप ही खेत से बरामद हुआ है। मृतका की पहचान शीर्षा चौधरी के रूप में हुई है। उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट शनिवार को ही उसके पति ने दर्ज करवाई थी। मायके पक्ष के आरोपों के आधार पर पुलिस ने पति और दो ननदों को हिरासत में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार मृतका के पति तिलक राज ने शनिवार को शाहपुर थाने में रिपोर्ट दी थी कि उसकी पत्नी बिना बताए कहीं चली गई है। रविवार सुबह घर के पास ही खेत में शीर्षा का शव मिलने की सूचना से हड़कंप मच गया। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और मायके पक्ष को सूचित किया।
मृतका की माता सुवर्णा देवी निवासी कुठमां ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया कि वर्ष 2016 में शादी के बाद से ही तिलक राज और उसकी दो बहनें उनकी बेटी को प्रताड़ित कर रहे थे। उन्होंने दावा किया कि ससुराल पक्ष ने ही उनकी बेटी की हत्या की है। इसके बाद पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने की प्राथमिकी दर्ज कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
मृतका की माता के बयान के आधार पर पति तिलक राज और उसकी दो बहनों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की धारा के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। तीनों को हिरासत में ले लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।