लगातार तीसरे दिन किन्नौर, लाहौल-स्पीति और चंबा के ऊंचाई वाले क्षेत्रों और कांगड़ा के धौलाधार में बर्फबारी हुई, जबकि राजधानी शिमला, धर्मशाला समेत अन्य...
पहाड़ सितंबर में ही बर्फ से लकदक,10 डिग्री गिरा पारा, कल्पा में ठंड ने तोड़ा 18 साल का रिकॉर्ड
लगातार तीसरे दिन किन्नौर, लाहौल-स्पीति और चंबा के ऊंचाई वाले क्षेत्रों और कांगड़ा के धौलाधार में बर्फबारी हुई, जबकि राजधानी शिमला, धर्मशाला समेत अन्य जिलों में बादल बरसे। प्रदेश के अधिकतम तापमान में आठ से दस डिग्री की गिरावट आने से ठंड बढ़ गई है। मौसम विभाग के अलर्ट के बीच सोमवार को लगातार तीसरे दिन किन्नौर, लाहौल-स्पीति, चंबा के ऊंचाई वाले क्षेत्रों और कांगड़ा के धौलाधार के पहाड़ों पर हिमपात जारी रहा, जबकि राजधानी शिमला व धर्मशाला समेत प्रदेश के निचले इलाकों में झमाझम बादल बरसे। रोहतांग, बारालाचा, शिंकुला दरों के साथ लाहौल- स्पीति, किन्नौर, चंबा और कुल्लू की चोटियां सितंबर में ही बर्फ से लकदक हो गई हैं। बारिश-बर्फबारी के चलते प्रदेश में दिन का तापमान सामान्य से 10 डिग्री तक गिर गया है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में रात के तापमान में भी भारी गिरावट दर्ज की है। 61 सड़कें, 49 बिजली ट्रांसफार्मर ठप रविवार रात को कल्पा में 18 साल बाद सितंबर में सबसे कम न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ। 24 सितंबर 2008 को कल्पा में रात का पारा 3.0 डिग्री दर्ज हुआ था। अब यह 4.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है। बर्फबारी और बारिश से किन्नौर, कुल्लू और शिमला के ऊपरी क्षेत्रों में सेब तुड़ान प्रभावित हुआ है। एनएच-5 समेत प्रदेश में 61 सड़कें बंद, जबकि 49 बिजली ट्रांसफार्मर ठप हो गए हैं। हिमाचल प्रदेश में बदले मौसम के बीच सोमवार को लाहौल-स्पीति के रोहतांग, बारालाचा और शिंकुला दर्रा और किन्नौर जिले के छितकुल, कुन्नोचारंग, लिप्पा और आसरंग बर्फबारी से सफेद हो गए हैं। प्रशासन ने एहतियातन दारचा से लेह और शिंकुला की ओर दोपहिया वाहनों की आवाजाही रोक दी है।