राष्ट्रीय उच्च मार्ग भूस्खलन के कारण दिन भर खुलता और बंद होता रहा। इस कारण वाहन चालकों और राहगीरों को काफी परेशानी हुई। हालांकि, एनएच प्राधिकरण ने एन...
रूंगड़ी में पेड़ गिरने से एक घंटा बंद रहा नेशनल हाईवे
राष्ट्रीय उच्च मार्ग भूस्खलन के कारण दिन भर खुलता और बंद होता रहा। इस कारण वाहन चालकों और राहगीरों को काफी परेशानी हुई।
हालांकि, एनएच प्राधिकरण ने एनएच को बहाल रखने के लिए मशीनरी मौके पर खड़ी रखी। जैसे ही सड़क भूस्खलन से बाधित हुई तो जेसीबी लगाकर उसे बहाल किया गया। बग्गा के पास रूंगड़ी में सुबह 8:30 बजे अचानक पेड़ भूस्खलन होने से सड़क पर आ गिरे। इस वजह से यातायात बाधित हो गया। एक घंटे में पेड़ों को हटाकर यातायात सुचारू किया गया। लोथल और बत्ती दी हट्टी के पास भूस्खलन का क्रम दोपहर से लेकर शाम तक चलता रहा। इस कारण वहां थोड़ी-थोड़ी देर के लिए यातायात बाधित होता रहा। हालांकि, एनएच की मशीनरी और मजदूर बहाली का कार्य करने के लिए मुस्तैद रहे।
पिछले कई दिनों से हो रही लगातार बारिश ने बरसात जैसे हालात पैदा कर दिए हैं। भले ही इससे कोई जानी नुकसान न हुआ हो लेकिन सड़कों पर यातायात बाधित हो रहा है। भरमौर एनएच पर जगह-जगह भूस्खलन हो रहा है। यही सिलसिला चलता रहा तो आगामी दिनों में हालात ओर भी खराब हो सकते हैं। एनएच प्राधिकरण ऐसे हालात से निपटने के लिए अपनी योजना पहले ही बना चुका है। इसके लिए जेसीबी मशीनों सहित अन्य व्यवस्था कर ली गई है।
एनएचएआई के सहायक अभियंता वीरेंद्र ठाकुर ने बताया कि भूस्खलन के कारण एनएच बार-बार बाधित हो रहा है। हालांकि, पूरे प्रयास किए जा रहे हैं कि यातायात बाधित न हो। अभी तक एनएच पर यातायात सुचारू रखा गया है।