रावी नदी में कूदे व्यक्ति का दूसरे दिन भी नहीं लगा सुराग, सर्च ऑप्रेशन जारी

फ़िल्मी स्टाइल में शीतला पुल पर स्कूटी खड़ी कर रावी में कूदे व्यक्ति का नहीं मिला कोई सुराग  चम्बा के शीतला पुल से बीते शनिवार को रावी नदी में छ...

रावी नदी में कूदे व्यक्ति का दूसरे दिन भी नहीं लगा सुराग, सर्च ऑप्रेशन जारी

रावी नदी में कूदे व्यक्ति का दूसरे दिन भी नहीं लगा सुराग, सर्च ऑप्रेशन जारी

फ़िल्मी स्टाइल में शीतला पुल पर स्कूटी खड़ी कर रावी में कूदे व्यक्ति का नहीं मिला कोई सुराग 

चम्बा के शीतला पुल से बीते शनिवार को रावी नदी में छलांग लगाने वाले हरदासपुरा निवासी व्यक्ति का दूसरे दिन भी कोई सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस, अग्निशमन विभाग और परिजनों द्वारा तलेरू डैम तक सघन तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन सभी प्रयास अब तक विफल रहे हैं। जानकारी के अनुसार शनिवार को हरदासपुरा निवासी व्यक्ति ने चम्बा में नए बस स्टैंड के पास स्थित शीतला पुल से रावी नदी में छलांग लगा दी थी। आसपास मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने जब उसे छलांग लगाते देखा, तो तत्काल पुलिस को सूचना दी। घटना की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। कुछ ही देर में पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक व्यक्ति रावी नदी की तेज लहरों में ओझल हो चुका था।

रावी नदी में छलांग लगाने का कारण अभी तक नहीं हुआ स्पष्ट

चम्बा के पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने बताया कि पुल से छलांग लगाने वाले व्यक्ति की तलाश के लिए बड़े पैमाने पर सर्च ऑप्रेशन चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अभी तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार व्यक्ति ने छलांग लगाने से पहले अपना मोबाइल फोन जेब से निकालकर स्कूटी पर रखा और फिर नदी में कूद गया। नदी में गिरने के तुरंत बाद वह तेज बहाव में गायब हो गया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि व्यक्ति द्वारा अचानक रावी नदी में छलांग लगाने का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस इस घटना के सभी पहलुओं पर गहनता से जांच कर रही है, ताकि सच्चाई का पता लगाया जा सके। सर्च ऑप्रेशन जारी है और उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही व्यक्ति का पता चल पाएगा।