अनुसूचित जाति एवं जनजाति विकास निगम चंबा ने ऋण की किस्तें जमा न करवाने वाले करीब 220 ऋण धारकों को नोटिस जारी किए हैं। निगम ने लंबित किस्तें जमा करवाने...
किस्तें न चुकाने पर 220 ऋण धारकों को नोटिस
अनुसूचित जाति एवं जनजाति विकास निगम चंबा ने ऋण की किस्तें जमा न करवाने वाले करीब 220 ऋण धारकों को नोटिस जारी किए हैं। निगम ने लंबित किस्तें जमा करवाने के लिए 15 दिन का समय दिया है। निर्धारित अवधि में अदायगी न करने पर संबंधित ऋण धारकों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जानकारी के अनुसार निगम विभिन्न योजनाओं के तहत अनुदान पर करीब 50 हजार से 10 लाख रुपये तक का ऋण उपलब्ध करवाता है। इससे लाभार्थी दुकान, व्यवसाय या वाहन के माध्यम से स्वरोजगार शुरू कर सकते हैं। ऋण लेने के बाद निर्धारित समय पर किस्तें जमा करवाना जरूरी है लेकिन 220 ऋण धारकों की दो से तीन माह की किस्तें लंबित हैं। इसी के चलते निगम ने बकाया राशि की वसूली के लिए नोटिस जारी किए हैं। लंबित राशि पर नियमानुसार दंड ब्याज भी लगाया जा सकता है। ऋण न चुकाने वाले लोगों को 15 दिन में लंबित किस्तें जमा करवाने के निर्देश दिए गए हैं। ये वे ऋण धारक हैं, जिन्होंने दो से तीन माह से किस्तों की अदायगी नहीं की है। -सौरभ, प्रबंधक, अनुसूचित जाति एवं जनजाति विकास निगम चंबा