राजधानी के रिज और मॉलरोड पर कैमरे से वीडियो बनाने पर नगर निगम ने प्रतिबंध लगा दिया है। रील्ज बनाने और गानों की शूटिंग के साथ प्री-वेडिंग शूटिंग के लिए...
अब रिज और मालरोड पर वीडियो शूटिंग के लगेंगे पैसे
राजधानी के रिज और मॉलरोड पर कैमरे से वीडियो बनाने पर नगर निगम ने प्रतिबंध लगा दिया है। रील्ज बनाने और गानों की शूटिंग के साथ प्री-वेडिंग शूटिंग के लिए भी अब नगर निगम ने रोक लगा दी है। नगर निगम ने स्प्ष्ट किया है कि नगर निगम आयुक्त से अनुमति लेकर फीस जमा करनी होगी उसके बाद ही मॉलरोड और रिज पर लोग वीडियो शूट कर सकते हैं। इसके लिए बकायदा नगर निगम एक अनुमति पत्र भी देगा।
दरअसल, सोमवार को रिज पर एक पहाड़ी गाने की शुटिंग हो रही थी। वहीं, जो शूटिंग कर रहे थे वह लोगों को हटने को कह रहे थे। अचानक मेयर सुरेंद्र चौहान मौके पर पहुंचे और शुटिंग रूकवा दी। मेयर ने जब उनसे अनुमति पत्र मांगा तो उन्होंने किसी से अनुमति नहीं ली थी। ऐसे में मेयर ने उन्हें अनुमति लेने और फीस जमा करने को कहा। मेयर ने कहा कि यदि बिना अनुमति के शूटिंग की तो उनके कैमरे जब्त किए जाएंगे। वहीं, जुर्माना भी लगाया जाएगा। ऐसे में मेयर सुरेंद्र चौहान ने आदेश जारी किए कि रिज पर कैमरे से शूटिंग करने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए, लेकिन यह भी कहा कि जो लोग निगम से अनुमति लेंगे और फीस जमा करवाएंगे उन्हें ही यहां पर शूटिंग करने दी जाएगी।
रिज और मॉलरोड पर शूटिंग करने के लिए आयुक्त की अनुमति लेना और यहां पर शूटिंग करने की फीस जमा करना अनिवार्य है। यदि कोई नियमों का उल्लघंन करता है तो उस पर कार्रवाई की जाएगी।
रिज के फोटोग्राफर के बनेंगे लाइसेंस
नगर निगम शिमला अब रिज के सभी फोटोग्राफर के लाइसेंस बनाएगा, ताकि यहां पर अपनी मर्जी से कोई भी फोटोग्राफी न कर सके। इसको लेकर नगर निगम ने अपने बजट में भी घोषणा की है। नगर निगम का कहना है कि इससे रिज के सभी फोटोग्राफर को रोजगार मिलेगा। वहीं उन लोगों पर भी अंकुश लगेगा जो बिना अनुमति के ही रिज पर शूटिंग करते हैं।
पहले भी थी व्यवस्था लेकिन लोगों ने नहीं माने नियम
रिज पर शुटिंग करने पर पहले से ही प्रतिबंध है, लेकिन लोग यहां पर बिना अनुमति के गानों, प्री-वेडिंग और रील्ज बना रहे हैं। इससे रिज में लोगों को भी काफी परेशानियां हो रही थी, लेकिन अब नगर निगम शिमला ने सोमवार से इसमें सख्ती करना शुरू कर दिया है। निगम के एस्टेट ब्रांच की टीम लगातार रिज पर निगरानी करेगी। ऐसे में जो भी लोग रिज पर कैमरे से वीडियो शुटिंग करेंगे। उनसे अनुमति पत्र मांगा जाएगा। यदि कोई बिना अनुमति के शुटिंग करता पाया गया तो उसे जुर्माना लगाया जाएगा। यदि कोई नगर निगम के कर्मचारियों के साथ गलत व्यवहार करता है तो उस पर कानुनी कार्रवाई की जाएगी।