पंगोला नाला उफान पर, चंबा तीसा मार्ग दो घंटे रहा बंद

चंबा-तीसा मुख्य मार्ग पर बुधवार तडक़े हुई मूसलाधार बारिश के कारण पंगोला नाला उफान पर आ गया। नाले के तेज बहाव के साथ भारी मात्रा में मलबा और पत्थर सडक़ प...

पंगोला नाला उफान पर, चंबा तीसा मार्ग दो घंटे रहा बंद

पंगोला नाला उफान पर, चंबा तीसा मार्ग दो घंटे रहा बंद

चंबा-तीसा मुख्य मार्ग पर बुधवार तडक़े हुई मूसलाधार बारिश के कारण पंगोला नाला उफान पर आ गया। नाले के तेज बहाव के साथ भारी मात्रा में मलबा और पत्थर सडक़ पर आ गिरने से मार्ग करीब दो घंटे तक बंद रहा। इस दौरान सडक़ के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा हटाकर सुबह करीब 10 बजे यातायात बहाल कर दिया। लगातार बारिश के कारण लोक निर्माण विभाग के तीसा मंडल को लगभग 22 लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान है।

जानकारी के अनुसार बुधवार अल सुबह हुई भारी बारिश से पंगोला नाला अचानक उफान पर आ गया। तेज बहाव के साथ आए मलबे और पत्थरों ने मुख्य मार्ग को पूरी तरह बंद कर दिया। वहीं, पंगोला नाला पर बना पुल पहले से क्षतिग्रस्त होने के कारण वैकल्पिक मार्ग का भी बड़ा हिस्सा बह गया, जिससे लोगों की परेशानियां और बढ़ गईं। मुख्य मार्ग बंद होने की सूचना मिलते ही लोक निर्माण विभाग की टीम जेसीबी मशीनों और श्रमिकों के साथ मौके पर पहुंची और मलबा हटाया।

लोक निर्माण विभाग कोटी उपमंडल के सहायक अभियंता ई. संजीव अत्री ने बताया कि पंगोला नाला में अचानक आए उफान के कारण कुछ समय के लिए यातायात बाधित हुआ था। उन्होंने कहा कि विभाग की त्वरित कार्रवाई से करीब दो घंटे के भीतर मार्ग को साफ कर वाहनों की आवाजाही सामान्य कर दी गई।