डेढ़ घंटे तक रोके रखीं सरकारी और निजी बसें, पहुंची पुलिस ने शांत करवाया मामला निगम प्रबंधन ने कही थी तकनीकी खराबी आने के कारण रूट पर बस न भेजने...
चंबा-जम्मुहार रूट पर बस नहीं भेजने पर भड़के यात्रियों ने किया चक्काजाम
डेढ़ घंटे तक रोके रखीं सरकारी और निजी बसें, पहुंची पुलिस ने शांत करवाया मामला
निगम प्रबंधन ने कही थी तकनीकी खराबी आने के कारण रूट पर बस न भेजने की बात
गुस्साए यात्री बोले- काफी समय करते रहे इंतजार, बाद में बोल दिया, नहीं जाएगी बस
बस अड्डा चंबा में चंबा-जम्मुहार रूट पर जाने वाली एचआरटीसी बस निर्धारित समय पर न चलने पर यात्रियों ने हंगामा कर दिया। बस का इंतजार कर रहे यात्रियों को काफी देर बाद बस खराब होने के बारे में बताया गया।
इससे यात्री भड़क गए और बस अड्डे के बाहर चक्काजाम कर दिया। यात्रियों ने निजी और सरकारी बसों की आवाजाही रोक दी। कई यात्री बसों के आगे खड़े हो गए और किसी भी बस को आगे नहीं जाने दिया। इस दौरान दोनों तरफ बसें खड़ी रहीं और यातायात व्यवस्था प्रभावित रही।
चंबा-जम्मुहार रूट की बस शाम चार बजे रवाना होनी थी। यात्री समय पर बस अड्डे में पहुंच गए थे। आधा घंटा इंतजार किया लेकिन बस नहीं आई। बाद में उन्हें बताया गया कि बस में तकनीकी खराबी आ गई है और वह रूट पर नहीं जा पाएगी। इससे गुस्साए यात्रियों ने पांच बजे हंगामा शुरू कर दिया। वे बसों के आगे खड़े हो गए। सरकारी और निजी बसों की आवाजाही रोक दी। डेढ़ घंटे तक चक्काजाम जारी रहा। हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने यात्रियों से बातचीत की और बस अड्डा इंचार्ज से भी मामले को लेकर चर्चा की। हालांकि यात्री बस चलाने की मांग पर अड़े रहे और उन्होंने अन्य बसों को भी जाने नहीं दिया। इसके बाद परिवहन निगम ने चंबा-जम्मुहार रूट पर दूसरी बस भेजी। बस रवाना होने के बाद ही यात्रियों ने विरोध समाप्त किया और बसों की आवाजाही बहाल हो सकी। उधर, बस अड्डा इंचार्ज सरदार मोहम्मद ने बताया कि चंबा-जम्मुहार रूट की बस में तकनीकी खराबी आ गई थी। बस की मरम्मत करवाई जा रही थी लेकिन देरी होने पर यात्रियों ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुविधा को देखते हुए दूसरी बस की व्यवस्था कर दी गई थी।