चंबा-सिल्लाघ्राट मार्ग पर नंदगांव के समीप पुलिस की विशेष अन्वेषण इकाई की टीम ने गश्त के दौरान 526 ग्राम चरस की खेप सहित राहगीर को दबोचने में सफलता हास...
चरस सहित दबोचा राहगीर
चंबा-सिल्लाघ्राट मार्ग पर नंदगांव के समीप पुलिस की विशेष अन्वेषण इकाई की टीम ने गश्त के दौरान 526 ग्राम चरस की खेप सहित राहगीर को दबोचने में सफलता हासिल की है। आरोपी की पहचान गुलाम मोहम्मद वासी गांव बैडी पोस्ट आफिस प्लयूर तहसील एवं जिला चंबा के तौर पर की गई है। आरोपी के खिलाफ सदर पुलिस थाना में मामला दर्ज कर हवालात में बंद कर दिया गया है। आरोपी को पुलिस रिमांड हेतु रविवार को अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस आरोपी से चरस खेप की खरीद-फरोख्त को लेकर पूछताछ कर रही है। जानकारी के अनुसार विशेष अन्वेषण इकाई की टीम इंस्पेक्टर गगनदीप की अगुवाई में चंबा-सिल्लाघ्राट मार्ग पर गश्त कर रही थी। नंदगांव के समीप पहुंचने पर पुलिस टीम को देखकर पैदल जा रहा गुलाम मोहम्मद घबरा गया।
पुलिस ने तुरंत गुलाम मोहम्मद को पकडक़र संदेह के आधार पर तलाशी दौरान 526 ग्राम चरस बरामद हुई। बता दें कि बीते 4 महीने में विशेष अन्वेषण इकाई की टीम ने चिटे और चरस की अवैध रूप से तस्करी एवं बिक्री करने वालों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई की है। इसमें इंस्पेक्टर गगनदीप की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है। लिहाजा यदि गगनदीप को स्पेशल टास्क फोर्स में तैनाती मिलती है तो जिले में चिटटे के प्रवेश के सभी द्वार बंद होने की प्रबल संभावना है। उधर, एसपी चंबा विजय कुमार सकलानी ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि जिला में सक्रिय चरस माफिया की धरपकड़ हेतु अभियान लगातार जारी रहेगा।