चेतावनी- नगर परिषद ने जल्द कचरा नहीं उठाया तो करेंगे धरना और प्रदर्शन भटालवां हनुमान मंदिर के पास कचरा फेंकने पर लोग भड़क उठे हैं। उन्होंने नगर परि...
हनुमान मंदिर के पास कूड़ा फेंकने से भड़के लोग
चेतावनी- नगर परिषद ने जल्द कचरा नहीं उठाया तो करेंगे धरना और प्रदर्शन
भटालवां हनुमान मंदिर के पास कचरा फेंकने पर लोग भड़क उठे हैं। उन्होंने नगर परिषद को चेतावनी दी है कि जल्द यहां से कचरा नहीं हटाया तो वे धरना-प्रदर्शन करेंगे।
लोगों ने नगर परिषद पर रात के अंधेरे में मंदिर के पास कूड़ा ठिकाने लगाने का आरोप लगाया है। लोगों का कहना है कि नगर परिषद की गाड़ी रात के अंधेरे में कचरा फेंक रही है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि शहर का कचरा अब गांवों में फेंका जा रहा है जिससे मंदिर परिसर और आसपास का क्षेत्र गंदगी और बदबू से भर गया है।
स्थानीय निवासी इंद्र कुमार, पंकज कुमार, संजय कुमार, कुलदीप कुमार, अशोक कुमार, पवन कुमार और राज कुमार ने कहा कि कई बार उन्होंने देखा कि नगर परिषद की गाड़ी कचरा लेकर आती है और उक्त स्थान पर रात के समय फेंक देती है। लोगों के मना करने पर कई दिन तक कचरा नहीं फेंका लेकिन फिर से वही हाल हो गया है। यदि कचरा हटाया नहीं गया या भविष्य में फिर फेंका गया तो वे धरना प्रदर्शन करने से पीछे नहीं हटेंगे। उनका साफ कहना है कि वे अपने गांव और मंदिर परिसर में गंदगी बर्दाश्त नहीं करेंगे। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर परिषद के पास उचित डंपिंग साइट नहीं होने के कारण उनका गांव कूड़ा निपटाने का स्थल बन गया है। लगातार कचरा फेंकने से पर्यावरण दूषित हो रहा है। हनुमान मंदिर जैसी धार्मिक आस्था भी प्रभावित हो रही है। उधर, नगर परिषद की वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी राखी कौशल का कहना है कि मामला ध्यान में लाया गया है। इसकी जांच की जाएगी।