कल्हेल हत्याकांड को लेकर सोमवार को भंजराडू बाजार में जनाक्रोश फूट पड़ा। मृतक हरविंद्र सिंह के परिजनों और ग्रामीणों ने मुख्य सड़क पर चक्का जाम कर विरोध...
कल्हेल हत्याकांड पर भड़का जनाक्रोश, भंजराडू बाजार में चक्का जाम
कल्हेल हत्याकांड को लेकर सोमवार को भंजराडू बाजार में जनाक्रोश फूट पड़ा। मृतक हरविंद्र सिंह के परिजनों और ग्रामीणों ने मुख्य सड़क पर चक्का जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने हत्याकांड में गिरफ्तार एक आरोपी की दुकान मृतक की पत्नी को सौंपने की मांग उठाई। इस दौरान कुछ समय तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि परिवार के मुखिया की मौत के बाद मृतक के परिजनों के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है। ऐसे में आरोपी की दुकान मृतक की पत्नी को दी जानी चाहिए ताकि परिवार को आर्थिक सहारा मिल सके। मांग को लेकर परिजन और ग्रामीण सड़क पर डटे रहे और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी चुराह रंजन शर्मा, भंजराडू पंचायत की प्रधान कृष्णा महाजन और पुलिस थाना तीसा के प्रभारी अशोक कुमार चौधरी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से लंबी वार्ता कर उन्हें कानूनी प्रावधानों और प्रशासनिक प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी व्यक्ति की संपत्ति को न्यायिक प्रक्रिया पूरी हुए बिना किसी अन्य के नाम नहीं किया जा सकता। इस दौरान थाना प्रभारी अशोक कुमार चौधरी ने भी लोगों को समझाया कि पुलिस कानून के दायरे में रहकर कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि किसी की दुकान को न तो नुकसान पहुंचाने दिया जाएगा और न ही बिना वैधानिक प्रक्रिया के किसी के हवाले किया जा सकता है। पुलिस ने लोगों से संयम बनाए रखने और जांच प्रक्रिया पर भरोसा रखने की अपील की। काफी देर तक चली बातचीत के बाद डीएसपी रंजन शर्मा और प्रधान कृष्णा महाजन ने परिजनों और ग्रामीणों को हरसंभव सहायता और निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने चक्का जाम समाप्त कर दिया और सड़क पर वाहनों की आवाजाही फिर से सामान्य हो गई।