चंबा प्रोग्रेसिव काउंसिल, चंबा की मासिक बैठक बुधवार को लक्ष्मण क्लब परिसर में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता काउंसिल के अध्यक्ष इंजीनियर सी.पी. सहगल ने...
मिंजर मेला और मणिमहेश यात्रा से पहले सुधारो सडक़ें
चंबा प्रोग्रेसिव काउंसिल, चंबा की मासिक बैठक बुधवार को लक्ष्मण क्लब परिसर में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता काउंसिल के अध्यक्ष इंजीनियर सी.पी. सहगल ने की। बैठक में उपस्थित सदस्यों ने जिला चंबा में दिन-प्रतिदिन बढ़ रही प्रवासी आबादी पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने जिला प्रशासन से इस विषय पर गंभीरता से ध्यान देने की अपील करते हुए कहा कि बढ़ती प्रवासी आबादी से स्थानीय युवाओं के रोजगार के अवसर प्रभावित हो सकते हैं तथा कानून-व्यवस्था और जनसुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर भी सतर्क रहने की आवश्यकता है। उन्होंने जनहित में इस संबंध में शीघ्र ठोस और प्रभावी कदम उठाने की मांग की, ताकि भविष्य में किसी भी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।
बैठक में सदस्यों ने पठानकोट-चंबा-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग का जिम्मा भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) को सौंपने के लिए केंद्र एवं प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया। हालांकि, उन्होंने राजमार्ग की वर्तमान दयनीय स्थिति और निर्माण कार्य की धीमी गति पर भी चिंता जताई। सदस्यों ने कहा कि चंबा का ऐतिहासिक मिंजर मेला तथा विश्व प्रसिद्ध मणिमहेश यात्रा-2026 निकट हैं। ऐसे में भूस्खलन संभावित स्थलों की पहचान कर उनका स्थायी समाधान किया जाना चाहिए, ताकि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को किसी प्रकार की परेशानी या जोखिम का सामना न करना पड़े। साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त सुरक्षा एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की भी मांग की गई। काउंसिल ने पुराने बस अड्डे पर प्रस्तावित बहुमंजिला पार्किंग परियोजना के भूमि पूजन के लिए सदर विधायक नीरज नैय्यर का आभार व्यक्त किया। इसके साथ ही लघु सचिवालय, इंडोर स्टेडियम तथा बालू-पक्काटाला सडक़ के निर्माण कार्य में तेजी लाने की मांग की, ताकि आम जनता को इन परियोजनाओं का लाभ शीघ्र मिल सके। बैठक में मेडिकल कॉलेज में वरिष्ठ नागरिकों के लिए अलग पंजीकरण एवं उपचार लाइन की मांग भी दोहराई गई। इस अवसर पर मेजर श्रीचंद नैय्यर, खुशहाल बख्शी, डा. ओ.पी. पुरी, सुरेंद्र भंडारी, डा. डी.के. सोनी सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।