पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सरोल में आयोजित तीन दिवसीय अंडर-19 छात्रा वर्ग की जोनल स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता मंगलवार को संपन्न हो गई। सम...
सरोल ने जीती मार्च पास्ट ट्रॉफी, छात्राओं ने दिखाया दम
पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सरोल में आयोजित तीन दिवसीय अंडर-19 छात्रा वर्ग की जोनल स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता मंगलवार को संपन्न हो गई। समापन समारोह में सदर विधायक नीरज नैय्यर ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की और विजेता व उपविजेता टीमों को पुरस्कृत किया।
प्रतियोगिता में मार्च पास्ट ट्रॉफी पर मेजबान पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सरोल ने कब्जा जमाया। वालीबाल में सीनियर सेकेंडरी स्कूल संधी विजेता और सिढक़ुंड उपविजेता रहा। कबड्डी में सरोल ने विजेता तथा जडेरा ने उपविजेता का खिताब हासिल किया।
खो-खो में दुलारा विजेता और मसरूंड उपविजेता रहा। बैडमिंटन में पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चंबा विजेता तथा सिल्लाघ्राट उपविजेता रहा। मुख्यातिथि नीरज नैय्यर ने खिलाडिय़ों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने छात्राओं से खेलों में बढ़-चढक़र भाग लेने का आह्वान किया। इससे पहले डीएसएसए के अध्यक्ष एवं डिप्टी डायरेक्टर हायर विकास महाजन ने मुख्यातिथि का स्वागत किया। उन्होंने शाल व टोपी पहनाकर तथा स्मृति चिन्ह भेंटकर मुख्यातिथि को सम्मानित किया। एडीपीओ योगेश चौणा ने प्रतियोगिता के आयोजन की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की।
प्रतियोगिता में 26 पाठशालाओं की 229 छात्राओं ने हिस्सा लिया। समारोह में सरोल और हरिपुर पंचायत के प्रधान व उपप्रधान, जोन प्रभारी पुनीत सेठी, विभिन्न पाठशालाओं के खेल अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।