सोलन में स्कूली बच्चों से भरी बस डिवाइडर से टकराई, प्रिंसिपल सहित तीन गंभीर घायल; कई बच्चे भी चोटिल

हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में एक बड़ा सड़क हादसा उस समय टल गया जब स्कूली बच्चों को लेकर जा रही एक निजी बस राष्ट्रीय राजमार्ग-5 पर डिवाइडर से टकरा गई।...

सोलन में स्कूली बच्चों से भरी बस डिवाइडर से टकराई, प्रिंसिपल सहित तीन गंभीर घायल; कई बच्चे भी चोटिल

सोलन में स्कूली बच्चों से भरी बस डिवाइडर से टकराई, प्रिंसिपल सहित तीन गंभीर घायल; कई बच्चे भी चोटिल

हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में एक बड़ा सड़क हादसा उस समय टल गया जब स्कूली बच्चों को लेकर जा रही एक निजी बस राष्ट्रीय राजमार्ग-5 पर डिवाइडर से टकरा गई। इस दुर्घटना में स्कूल की प्रिंसिपल, चेयरमैन और कोऑर्डिनेटर गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि बस में सवार कई बच्चों को भी हल्की चोटें आई हैं। यह घटना शनिवार देर रात चक्कीमोड़ से आगे तम्बू मोड़ के पास हुई।

जानकारी के अनुसार, पंचकूला के लीटरा हेरिटेज स्कूल के 51 बच्चे और स्टाफ सदस्य दो बसों में सवार होकर सिरमौर जिले के राजगढ़ से शैक्षणिक भ्रमण कर लौट रहे थे। रात करीब 11:10 बजे जब बस (CH02AA2295) तम्बू मोड़ के पास पहुंची, तो चालक साहिल ने कथित तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए बस को सड़क के बीच बने डिवाइडर से टकरा दिया।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस के चालक वाली तरफ के शीशे पूरी तरह टूट गए और बस में बैठे बच्चों में चीख-पुकार मच गई। गनीमत रही कि बस पलटने से बाल-बाल बच गई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

हादसे में स्कूल की प्रिंसिपल अमिता, चेयरमैन नरेंद्र सिंगला और कोऑर्डिनेटर मीनू गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत निजी वाहनों से पंचकूला के एक अस्पताल ले जाया गया। कई बच्चों को भी मामूली चोटें और झटके लगे हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया।

स्कूल की अध्यापिका शिल्पा चौहान ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें उन्होंने बस चालक साहिल पर तेज रफ्तार और लापरवाही से गाड़ी चलाने का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि पहाड़ी रास्तों पर रात के समय ड्राइवर इतनी तेज बस क्यों चला रहा था। इस घटना ने स्कूल प्रबंधन और अभिभावकों के लिए बच्चों की सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

ताज़ा खबरें

अधिक देखी जाने वाली खबरें