दुष्कर्म के मामले में दूसरा आरोपी गिरफ्तार

जनजातीय क्षेत्र पांगी में पिछले साल दर्ज हुए एक दुष्कर्म के मामले में पुलिस के पास डीएनए टेस्ट रिपोर्ट आने के बाद अब मामले के दूसरे आरोपी को भी गिरफ्त...

दुष्कर्म के मामले में दूसरा आरोपी गिरफ्तार

दुष्कर्म के मामले में दूसरा आरोपी गिरफ्तार

जनजातीय क्षेत्र पांगी में पिछले साल दर्ज हुए एक दुष्कर्म के मामले में पुलिस के पास डीएनए टेस्ट रिपोर्ट आने के बाद अब मामले के दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। नवंबर 2025 में दर्ज हुए इस पोक्सो एक्ट के मामले में अब डीएनए रिपोर्ट ने वैज्ञानिक मुहर लगा दी है। जिस आरोपी को पहले अदालत से जमानत मिल गई थी, डीएनए मैच होने के बाद पुलिस ने उस आरोपी को अब जम्मू-कश्मीर से दबोच लिया है। साथ ही न्यायालय में पेश करने पर आरोपी को सात दिन के लिए पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।
यह मामला न केवल दुष्कर्म बल्कि एक मासूम बच्चे की खरीद-फरोख्त से भी जुड़ा हुआ है। इस पूरे मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए भरमौर-पांगी के विधायक डॉ. जनक राज ने पिछले साल विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था। उन्होंने पांगी के एक शिक्षण संस्थान में पढ़ रही नाबालिग के साथ हुई इस दरिंदगी और प्रशासन की ढिलाई पर सवाल खड़े किए थे। विधायक के हस्तक्षेप के बाद पुलिस और स्थानीय प्रशासन हरकत में आया और पांगी थाना में दो युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। जांच में पता चला कि एक युवक नाबालिग को बहला-फुसलाकर जम्मू ले गया था। मामले की परतें तब खुलीं, जब यह जानकारी सामने आई कि नाबालिग ने जम्मू में एक बच्चे को जन्म दिया था। आर्थिक तंगी का हवाला देते हुए आरोपी ने कथित तौर पर उस नवजात बच्चे को किसी अनजान व्यक्ति को सौंप दिया। इतना ही नहीं, आरोपी ने पीड़िता की किसी और व्यक्ति के साथ शादी करा दी और खुद पांगी लौट आया। जब इस बात की भनक पीड़िता के गांव वालों को लगी, तो उन्होंने तुरंत विधायक से संपर्क किया जिसके बाद पुलिस ने पांगी निवासी मुख्य आरोपी को पहले ही सलाखों के पीछे भेज दिया था। पुलिस ने इस मामले में वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए डीएनए टेस्ट करवाया था। शुरुआती जांच के दौरान अदालत ने दूसरे आरोपी शाम लाल निवासी गंधारी, जम्मू-कश्मीर को जमानत दे दी थी। हालांकि, बीते दिनों आई डीएनए रिपोर्ट में आरोपी का सैंपल मैच हो गया, जिससे यह स्पष्ट हो गया कि वह भी इस अपराध में बराबर का भागीदार था। रिपोर्ट मिलते ही चंबा पुलिस की एक टीम ने जम्मू के गंधारी में दबिश दी और आरोपी को गिरफ्तार कर मंगलवार को चंबा अदालत में पेश किया। पुलिस अधीक्षक चंबा विजय कुमार सकलानी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी शाम लाल को अदालत ने सात दिनों की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।