गैस सिलिंडरों के संकट के बीच इंडक्शन चूल्हों की मांग बढ़ गई है। गैस की कमी के चलते लोग इंडक्शन चूल्हों की खरीदारी करने लगे हैं। विक्रेताओं का कहना है...
गैस सिलिंडर की कमी से आया इंडक्शन चूल्हों की बिक्री में उछाल
गैस सिलिंडरों के संकट के बीच इंडक्शन चूल्हों की मांग बढ़ गई है। गैस की कमी के चलते लोग इंडक्शन चूल्हों की खरीदारी करने लगे हैं।
विक्रेताओं का कहना है कि व्यावसायिक सिलिंडर की आपूर्ति बंद होने और घरेलू गैस की किल्लत होने से इंडक्शन चूल्हे की मांग बढ़ी है। पिछले एक सप्ताह से इनकी बिक्री में तेजी आई है। उन्होंने कहा कि हर रोज आठ से दस चूल्हे बिक रहे हैं। दुकानदारों के पास भी इनका ज्यादा स्टॉक नहीं बचा है। पहले इनकी बहुत कम खपत होती थी। दुकानदार भी नया स्टॉक मंगवा रहे हैं। इलेक्ट्रॉनिक्स कारोबारियों ने कहा कि आमतौर पर जो स्टॉक एक महीने में बिकता था, वह इस बार एक हफ्ते में ही खत्म हो गया। हफ्ते में 40 से 50 इंडक्शन चूल्हों की बिक्री हुई है। इनकी कीमत 1500 से 4300 रुपये तक है। कई परिवारों ने खाना पकाने के लिए इंडक्शन चूल्हों का इस्तेमाल शुरू कर दिया है। उन्होंने बताया कि यदि गैस की सप्लाई में इसी तरह कमी बनी रही तो कुछ दिनों में इन उपकरणों की मांग में तेजी आने की संभावना और बढ़ सकती है।
हफ्ते में इंडक्शन चूल्हों की बिक्री में काफी तेजी आई है। इससे स्टॉक खत्म हो गया है। नए चूल्हों के लिए मांग भेजी है। अभी और बिक्री बढ़ने की उम्मीद है। - अशोक ग्रोवर, इलेक्ट्रॉनिक्स कारोबारी
बहुत से लोग गैस सिलिंडर की उपलब्धता न होने के चलते इंडक्शन चूल्हों की खरीदारी कर रहे हैं ताकि गैस सिलिंडर न मिलने पर वे इस चूल्हे का इस्तेमाल कर सकें। - अब्दुल, इलेक्ट्रॉनिक्स कारोबारी
गैस चूल्हे रूटीन की तरह ही बिक रहे हैं। गैस सिलिंडर नहीं मिल रहे हैं। जिन लोगों के पास अभी गैस की कमी नहीं है, वे इन चूल्हों की कम खरीदारी कर रहे हैं। - सुनील महाजन, इलेक्ट्रॉनिक्स कारोबारी
गैस सिलिंडर की कमी के चलते इंडक्शन चूल्हों में उछाल आया है लेकिन अभी बिक्री पहले की तरह ही चल रही है। कुछ दिनों में उछाल आ सकता है। - सुरजीत सिंह, इलेक्ट्रॉनिक्स कारोबारी