प्रेस से सिर पर किया था वार, फिर गढ़ी झूठी कहानी; आरोपी गिरफ्तार बेटे और मां के बीच नौकरी को लेकर कहासुनी हुई थी। इस दौरान वह तैश में आ गया और मां...
बेटे ने ही कर दी मां की हत्या
प्रेस से सिर पर किया था वार, फिर गढ़ी झूठी कहानी; आरोपी गिरफ्तार
बेटे और मां के बीच नौकरी को लेकर कहासुनी हुई थी। इस दौरान वह तैश में आ गया और मां की हत्या कर दी। आरोपी बेटे को वीरवार को अदालत में पेश किया जाएगा। बीते मंगलवार को यह घटना दोपहर करीब 12:30 बजे की है। घर पर सोमलता और उसका 22 वर्षीय बेटा अभय कुमार दूसरी मंजिल पर खाना खाने गए थे। इस दौरान आरोपी बेटे ने वारदात को अंजाम दे दिया। हत्या के बाद उसने खुद को बचाने के का प्रयास भी किया। उसने वारदात की झूठी कहानी गढ़ी। वह काफी देर तक कमरे में रहा। उसके चाचा संजय ने जब उसे आवाज लगाई तो ऊपरी मंजिल से कोई जवाब नहीं मिला। आखिर वह खुद दूसरी मंजिल में गए तो उसकी भाभी खून से लथपथ थी और भतीजा अभय भी अचेत पड़ा हुआ था। महिला को तुरंत सिविल अस्पताल भोरंज में उपचार लिए पहुंचाया गया, यहां पर महिला को चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
मां और बेटे में घरेलू बातों को लेकर हुआ था विवाद
मौके पर पुलिस टीम भी पहुंची और अभय का मेडिकल करवाया गया। उसने पुलिस को दिए बयान में कहा कि खाना खाते वक्त दो नकाबपोश घर में दाखिल हुए और उसे मादक पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया। अभय की यह कहानी घटनास्थल से मेल नहीं खा रही। आस-पड़ोस के लोगों और परिवार के अन्य सदस्यों ने किसी को आते-जाते नहीं देखा और जबरन प्रवेश के भी घर पर कोई सुबूत फोरेंसिक टीम को नहीं मिले। वहीं, अभय से जब पुलिस ने सवाल किए तो उसने अपना बयान बदल दिया। प्रारंभिक जांच के आधार पर महिला सोमलता के बेटे को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। मामले में गहनता से छानबीन की जा रही है। मां और बेटे में घरेलू बातों को लेकर विवाद हुआ था। इस दौरान बेटे ने यह भयानक कदम उठा लिया।