चम्बा जिले के बरौर क्षेत्र में युवक की संदिग्ध मौत मामले में परिजन व ग्रामीण शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर से मिले। इस दौरान उन्हें घटना के बारे में जानका...
बरौर में युवक की संदिग्ध मौत मामला: परिजनों और ग्रामीणों ने रोका शिक्षा मंत्री का काफिला
चम्बा जिले के बरौर क्षेत्र में युवक की संदिग्ध मौत मामले में परिजन व ग्रामीण शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर से मिले। इस दौरान उन्हें घटना के बारे में जानकारी दी और न्याय की गुहार लगाई। मंगलवार को शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर साहो दौरे पर जा रहे थे। इस दौरान ग्रामीणों ने मंत्री का काफिला रोक लिया। मौके पर काफी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। युवक की पत्नी ने बताया कि उसका पति निजी ट्रक चला कर परिवार का पालन-पोषण करता था, लेकिन दुश्मन रास्ते में ही घात लगाए बैठे थे। अब इन बच्चों का पालन-पोषण कौन करेगा। उन्हें दो वक्त की रोटी का जुगाड़ कैसे होगा। उन्होंने कहा कि उनके घटना के चार दिन बाद भी उचित कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई है। परिवार न्याय के लिए दर-दर ठोकरें खा रहा है।
महिला ने आरोप लगाया कि उनके पति सहित परिवार को पहले कई बार धमकियां मिल चुकी हैं। अब तो उसके पति की जान तक चली गई। उन्होंने मंत्री से सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि लोगों का कानून व पुलिस पर विश्वास व भरोसा कायम रहे। उधर, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि वह उनके इस दर्द को समझते हैं। जांच में किसी भी तरह की कोताही नहीं बरती जाएगी। पुलिस निष्पक्षता से जांच में जुटी है।
विधायक के खिलाफ फूटा ग्रामीणों का गुस्सा
विधायक नीरज नैय्यर ने युवक के परिजनों व ग्रामीणों काे समझाने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि वह खुद उनके घर पहुंचकर बात करेंगे। इस पर युवक की पत्नी ने कहा कि वह घर आकर क्या कर लेंगे। इसी बीच एक युवक ने कहा कि चुनावों के दौरान क्षेत्रवासियों ने कंधे से कंधा मिलाकर कांग्रेस का साथ दिया, लेकिन घटना के तीन दिन बाद भी विधायक पीड़ित परिवार से नहीं मिले और अब तक इस घटना को लेकर चुप्पी साधे रहे। इस पर उन्होंने नाराजगी जाहिर की है। साथ ही कार्रवाई की मांग उठाई।