दिवाली पर इस बार हिमाचल प्रदेश में मिल्कफेड की मिठाइयां खरीदने के लिए उपभोक्ताओं को अधिक कीमत चुकानी पड़ेगी। हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी दुग्ध उत्पादक...
दिवाली पर मिठाइयों के बढ़े दाम, मिल्कफेड ने 10 से 25 रुपये तक की बढ़ोतरी की
दिवाली पर इस बार हिमाचल प्रदेश में मिल्कफेड की मिठाइयां खरीदने के लिए उपभोक्ताओं को अधिक कीमत चुकानी पड़ेगी। हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी दुग्ध उत्पादक संघ (मिल्कफेड) ने दिवाली 2026-27 के लिए मिठाइयों के अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी) में बढ़ोतरी की है। इसके तहत 400 ग्राम के पैक पर 10 रुपये और 800 ग्राम के पैक पर 25 रुपये बढ़ाए गए हैं। मिठाइयों की कीमतों में करीब 10 से 15 प्रतिशत तक वृद्धि की गई है। मिल्कफेड के विपणन प्रबंधक डॉ. देवेंद्र ठाकुर ने इसकी पुष्टि की है। त्योहार के दौरान मांग पूरी करने के लिए पहले चरण में करीब 250 क्विंटल मिठाइयां तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है।
मिल्कफेड की ओर से इस बार भी चंडीगढ़ की एक निजी फर्म से मिठाइयां तैयार करवाई जा रही हैं। मिठाइयों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए मिल्कफेड की तीन टीमें निरीक्षण के लिए भेजी गई हैं। मिठाई बनाने में इस्तेमाल होने वाला देसी घी भी मिल्कफेड की ओर से उपलब्ध करवाया जा रहा है। डॉ. संदीप ठाकुर ने दावा किया कि मिल्कफेड की टीमों की निगरानी में ही मिठाइयां तैयार की जा रही हैं जिससे इनमें मिलावट की आशंका न रहे। गुणवत्ता पर नजर रखने के लिए उत्पादन प्रक्रिया की निगरानी की जा रही है। दिवाली के लिए मिल्कफेड ने पहले चरण में करीब 250 क्विंटल मिठाइयां तैयार करने की योजना बनाई है। उत्पादन सूची के अनुसार, नारियल बर्फी की मात्रा 47.37 क्विंटल, मिल्क केक की 21.74 क्विंटल, काजू बर्फी की 19.58 क्विंटल, पहाड़ी बर्फी की 19.55 क्विंटल और पंजीरी की 17.79 क्विंटल रखी गई है। इन पांच मिठाइयों की कुल मात्रा करीब 126 क्विंटल है। त्योहार के दौरान उपभोक्ताओं की मांग के अनुसार मिठाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की तैयारी है।