पर्यटक नगरी डलहौजी में बुधवार को हुई अचानक बारिश ने गर्मी के तेवर ठंडे कर दिए। पिछले कुछ दिनों से पड़ रही तेज गर्मी के बीच हुई इस बारिश ने जहां लोगों...
डलहौजी में बारिश से तापमान में गिरावट
पर्यटक नगरी डलहौजी में बुधवार को हुई अचानक बारिश ने गर्मी के तेवर ठंडे कर दिए। पिछले कुछ दिनों से पड़ रही तेज गर्मी के बीच हुई इस बारिश ने जहां लोगों को राहत दी वहीं ठंड का एहसास भी बढ़ा दिया। सुबह से ही बादलों के छाए रहने के बाद दोपहर में शुरू हुई बारिश दिनभर रुक-रुक कर जारी रही। बारिश के साथ चली ठंडी हवाओं ने तापमान में गिरावट ला दी, जिससे मौसम अचानक ठंडा हो गया। ठंड का असर ऐसा रहा कि लोग एक बार फिर गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आए।
बारिश के बाद डलहौजी की वादियां धुंध की चादर में लिपट गईं और प्राकृतिक सौंदर्य और भी निखर उठा। गांधी चौक, सुभाष चौक और माल रोड पर पर्यटक ठंडी फिजाओं का आनंद लेते दिखे, जबकि स्थानीय लोग भी इस बदले मौसम का लुत्फ उठाते नजर आए। कारोबारियों के अनुसार डलहौजी का इस तरह का सुहावना मौसम पर्यटकों को आकर्षित करता है, जिससे पर्यटन कारोबार को बढावा मिलता है।