चाइल्ड हेल्पलाइन ने छात्रों को बताया 1098 का महत्त्व

चाइल्ड हेल्पलाइन चंबा की ओर से जेआरटी मेमोरियल पब्लिक स्कूल तीसा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में चाइल्ड हेल्पलाइन चंबा के जिला स...

चाइल्ड हेल्पलाइन ने छात्रों को बताया 1098 का महत्त्व

चाइल्ड हेल्पलाइन ने छात्रों को बताया 1098 का महत्त्व

चाइल्ड हेल्पलाइन चंबा की ओर से जेआरटी मेमोरियल पब्लिक स्कूल तीसा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में चाइल्ड हेल्पलाइन चंबा के जिला समन्वयक कपिल शर्मा और केस वर्कर चैन सिंह ने विद्यार्थियों को चाइल्ड हेल्पलाइन के टोल फ्री नंबर 1098 की कार्यप्रणाली की जानकारी दी। इस दौरान विद्यार्थियों को बाल अधिकारों और बच्चों की सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों के बारे में जागरूक किया गया। उन्हें बाल विवाह, बाल मजदूरी, नशे, बाल तस्करी, बाल यौन शोषण, घरेलू हिंसा, बाल दुव्र्यवहार और मानसिक प्रताडऩा जैसी समस्याओं से बचाव के उपाय बताए गए। इसके अलावा दिव्यांग, अनाथ और अर्ध-अनाथ बच्चों के लिए सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी गई।

कार्यक्रम में स्कूल छोड़ चुके बच्चों को परामर्श सेवा के माध्यम से दोबारा शिक्षा की मुख्यधारा से जोडऩे के बारे में भी बताया गया। विद्यार्थियों को सोशल मीडिया का सावधानीपूर्वक इस्तेमाल करने और अनजान लोगों के बहकावे या ब्लैकमेलिंग से बचने की सलाह दी गई। बच्चों को बताया गया कि यदि कोई व्यक्ति उन्हें परेशान करता है, पीछा करता है, अभद्र टिप्पणी करता है या किसी भी तरह से असहज महसूस करवाता है, तो इसकी सूचना तुरंत 1098 पर दी जा सकती है। विद्यार्थियों को अनुशासन के महत्व और जीवन में लक्ष्य निर्धारित करने के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। इस मौके पर प्रधानाचार्य जोगिंद्र कुमार सहित स्कूल स्टाफ के सदस्य और करीब 144 विद्यार्थी मौजूद रहे।