देवभूमि हिमाचल प्रदेश के खिलाड़ियों का आज विश्व पटल पर डंका बज रहा है। विश्व विजेता भारतीय महिला क्रिकेट टीम हो या फिर विश्व विजेता कबड्डी की टीम, हिम...
खेल दिवस: पहाड़ के हौसलों ने चूमा आसमान, हिमाचल के खिलाड़ियों का विश्व में डंका, पढ़ें सफलता की कहानी
देवभूमि हिमाचल प्रदेश के खिलाड़ियों का आज विश्व पटल पर डंका बज रहा है। विश्व विजेता भारतीय महिला क्रिकेट टीम हो या फिर विश्व विजेता कबड्डी की टीम, हिमाचल की खिलाड़ियों का योगदान दोनों टीमों में महत्वपूर्ण रहा है। प्रतियोगिता में तलवार की धार दिखानी हो या शूटिंग में निशाना साधना हो, उसमें भी देवभूमि के खिलाड़ी किसी से कम नहीं हैं। वाॅलीबाल में भी सूबे के खिलाड़ी अब देश की टीम की कमान संभाल रहे हैं। हाॅकी में भी हिमाचल के खिलाड़ियों का जलवा रहा है। दुर्गम ग्रामीण क्षेत्रों में सीमित संसाधनों के बावजूद जिला सिरमौर के खिलाड़ियों के हौसले असीमित हैं। पगडंडियों से लेकर विश्व पटल तक जिले के खिलाड़ियों के कदम बढ़ रहे हैं।
सिरमौर की बेटियों ने कबड्डी और हॉकी में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विशेष दबदबा कायम किया है, वहीं पुरुष खिलाड़ियों ने निशानेबाजी, कबड्डी, पेशेवर कुश्ती और पैरा एथलेटिक्स में प्रतिभा का लोहा मनवाया है। शिलाई की प्रियंका नेगी सिरमौर की उन बेटियों में हैं, जिन्होंने काफी पहले अंतरराष्ट्रीय कबड्डी में जिले का झंडा बुलंद किया। उन्होंने 2011 दक्षिण एशियाई खेलों, 2012 महिला कबड्डी विश्व कप और 2013 एशियन बीच गेम्स में भारत के लिए स्वर्ण पदक जीते। 2017 में ईरान के तेहरान में हुई एशियन स्पर्धा जीतने वाली भारतीय टीम का भी हिस्सा रहीं। सिरमौर के महारल गांव की साक्षी शर्मा 2025 महिला कबड्डी विश्व कप में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रहीं। इससे पहले वह खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में स्वर्ण और रजत पदक जीत चुकी हैं।
भारतीय कबड्डी टीम की रीढ़ सिरमौर की बेटियां
शिलाई के शरोग गांव की रितु नेगी आज देश की सबसे चर्चित खेल प्रतिभाओं में शामिल हैं। भारतीय महिला कबड्डी टीम की कप्तान के रूप में उन्होंने 2023 एशियाई खेलों में भारत को स्वर्ण पदक दिलाया। इससे पहले वह 2018 एशियाई खेलों में रजत और 2019 दक्षिण एशियाई खेलों में स्वर्ण जीत चुकी हैं। 2025 में उनकी कप्तानी में भारत ने महिला कबड्डी विश्व कप भी जीता। इनका चयन एशियन गेम्स के लिए हुआ है। शिलाई के मिल्लाह गांव की पुष्पा राणा भारतीय महिला कबड्डी टीम की महत्वपूर्ण खिलाड़ी रही हैं। उन्होंने 2023 एशियाई खेलों में भारत के लिए स्वर्ण पदक जीता। 2019 दक्षिण एशियाई खेलों में स्वर्ण, 2025 एशियन कबड्डी चैंपियनशिप में स्वर्ण और 2025 महिला कबड्डी विश्व कप में स्वर्ण जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रहीं। भारतीय टीम की उपकप्तान भी रह चुकी हैं। इनका चयन एशियन गेम्स के लिए हुआ है और इन्हें टीम का कप्तान बनाया है।