मणिमहेश की राह में थम गया दो दोस्तों का सफर

पठानकोट से भरमौर निकले थे ज्योति और अनिल, बलोगी में क्रैश बैरियर से टकराकर खाई में गिरी बाइक शनिवार शाम 7:15 बजे निकले थे दोनों, अगले दिन परिजनों...

मणिमहेश की राह में थम गया दो दोस्तों का सफर

मणिमहेश की राह में थम गया दो दोस्तों का सफर

पठानकोट से भरमौर निकले थे ज्योति और अनिल, बलोगी में क्रैश बैरियर से टकराकर खाई में गिरी बाइक शनिवार शाम 7:15 बजे निकले थे दोनों, अगले दिन परिजनों को सौंपे गए शव

चंबा। मणिमहेश के दर्शन की हसरत लेकर घर से निकले दो दोस्तों का सफर भरमौर पहुंचने से पहले ही खत्म हो गया। पठानकोट से बाइक पर निकले ज्योति और अनिल कुमार की बाइक गैहरा के पास बलोगी में क्रैश बैरियर से टकराकर खाई में जा गिरी। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों रात को भरमौर में ठहरने के बाद मणिमहेश यात्रा पर जाने वाले थे।
जानकारी के अनुसार पंगोली, डाकघर एवं जिला पठानकोट निवासी ज्योति (22) पुत्र अजीत राय और अनिल कुमार (32) पुत्र हरबंस लाल दोनों निवासी गांव पंगोली डाकघर एवं जिला पठानकोट के रहने वाले थे। वे शनिवार शाम को करीब 7:15 बजे बाइक पर पठानकोट से भरमौर के लिए रवाना हुए थे। गैहरा के समीप बलोगी पहुंचने पर उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क के किनारे लगे क्रैश बैरियर से जा टकराई। टक्कर के बाद दोनों बाइक समेत गहरी खाई में जा गिरे।

हादसा देख वहां से गुजर रहे लोग मदद के लिए खाई में उतरे। पुलिस को सूचना देने के साथ स्थानीय लोगों ने दोनों को बाहर निकालने में मदद की। हालांकि, तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। देर रात तक मृतकों की पहचान नहीं हो सकी। रविवार सुबह पुलिस ने परिजनों से संपर्क किया और उन्हें चंबा बुलाया। मेडिकल कॉलेज चंबा में पोस्टमार्टम के बाद दोनों के शव परिजनों को सौंप दिए गए। उधर, पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बताया कि बाइक दुर्घटना में दो श्रद्धालुओं की मौत हुई है। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है।