मणिमहेश यात्रा के दौरान भरमौर से गौरीकुंड के बीच संचालित होने वाली हेलिकाप्टर सेवाओं को सुरक्षित और सुचारू बनाने के लिए चंबा पुलिस ने सुरक्षा मानकों क...
हेलिकाप्टर सेवाओं की सुरक्षा पर रहेगी पुलिस की पैनी नजर
मणिमहेश यात्रा के दौरान भरमौर से गौरीकुंड के बीच संचालित होने वाली हेलिकाप्टर सेवाओं को सुरक्षित और सुचारू बनाने के लिए चंबा पुलिस ने सुरक्षा मानकों के कड़ाई से अनुपालन पर विशेष जोर दिया है।
यात्रा के दौरान हेलिकाप्टर के संचालन में किसी तरह की लापरवाही न हो, इसके लिए तकनीकी जांच से लेकर यात्रियों की सुरक्षा और टिकटिंग व्यवस्था तक पर निगरानी रखी जाएगी।
पुलिस के अनुसार उड़ान से पहले हेलिकाप्टर की तकनीकी और सुरक्षा जांच अनिवार्य होगी। पायलटों का ड्रग एंड अल्कोहल टेस्ट और ब्रीथ एनालाइजर टेस्ट भी किया जाएगा। केवल प्रशिक्षित पायलटों और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में उड़ान के लिए सक्षम हेलिकाप्टर को ही सेवा में लगाया जाएगा।
हेलिकाप्टर में यात्रियों की निर्धारित क्षमता और भार सीमा का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाएगा। इसके अलावा भरमौर और गौरीकुंड हेलिपैड पर सुरक्षा, मेडिकल सुविधा और आपातकालीन व्यवस्थाओं को भी दुरुस्त रखा जाएगा। मौसम और दृश्यता की स्थिति का आकलन करने के बाद ही उड़ान की अनुमति दी जाएगी। यात्रियों से किराया वसूलने और टिकटिंग में पारदर्शिता बनाए रखने पर भी पुलिस का विशेष ध्यान रहेगा। यात्रा अवधि के दौरान संबंधित विभागों और सुरक्षा एजेंसियों के साथ संयुक्त निरीक्षण किए जाएंगे। हेलिकाप्टर सेवाओं की लगातार निगरानी कर सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वालों पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बताया कि मणिमहेश यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। हेलिकाप्टर सेवाओं के संचालन में निर्धारित सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सुरक्षित और व्यवस्थित यात्रा के लिए संबंधित सभी एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर लगातार निगरानी रखी जाएगी।