धुंध में लिपटी पर्यटक नगरी डलहौजी

पर्यटक नगरी डलहौजी में इन दिनों मानसून अपने पूरे शबाब पर है। लगातार हो रही बारिश और घनी धुंध ने पूरे शहर को अपनी आगोश में समेट लिया है। देवदार और चीड...

धुंध में लिपटी पर्यटक नगरी डलहौजी

धुंध में लिपटी पर्यटक नगरी डलहौजी

पर्यटक नगरी डलहौजी में इन दिनों मानसून अपने पूरे शबाब पर है। लगातार हो रही बारिश और घनी धुंध ने पूरे शहर को अपनी आगोश में समेट लिया है। देवदार और चीड के घने जंगलों के बीच तैरते बादल तथा धुंध से ढक़ी पहाडियां मनमोहक दृश्य प्रस्तुत कर रही हैं, लेकिन बारिश के मौसम के चलते पर्यटकों की संख्या अपेक्षाकृत सीमित बनी हुई है। मानसून के दौरान पर्यटकों की कम आमद को देखते हुए स्थानीय होटल कारोबारी सैलानियों को आकर्षित करने के लिए कमरों के किराए में विशेष छूट दे रहे हैं। कई होटलों ने आकर्षक पैकेज भी शुरू किए हैं, ताकि अधिक से अधिक पर्यटक डलहौजी का रुख करें।

गांधी चौक, सुभाष चौक, पंचपुला, कालाटोप और अन्य पर्यटन स्थलों पर धुंध, हरियाली और ठंडी फुहारों के बीच पर्यटक यादगार पल बिताते नजर आ रहे हैं। होटल कारोबारियों का कहना है कि मानसून में डलहौजी की प्राकृतिक सुंदरता अपने चरम पर होती है। यदि मौसम अनुकूल बना रहा तो आने वाले दिनों में पर्यटकों की संख्या बढने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि छूट और विशेष पैकेजों का उददेश्य अधिक से अधिक पर्यटकों को डलहौजी आने के लिए प्रोत्साहित करना है।