धर्मशाला। अंतरराष्ट्रीय संग्रहालय दिवस पर कांगड़ा कला संग्रहालय धर्मशाला में तीन दिवसीय कला प्रदर्शनी का सोमवार को आगाज हुआ। प्रदर्शनी का शुभारंभ मुख्...
कांगड़ा कला संग्रहालय में तीन दिवसीय प्रदर्शनी शुरू, कलाकृतियां बनीं आकर्षण
धर्मशाला। अंतरराष्ट्रीय संग्रहालय दिवस पर कांगड़ा कला संग्रहालय धर्मशाला में तीन दिवसीय कला प्रदर्शनी का सोमवार को आगाज हुआ। प्रदर्शनी का शुभारंभ मुख्यातिथि एडीएम कांगड़ा शिल्पी बेक्टा ने किया। प्रदर्शनी में देश के विभिन्न क्षेत्रों के मास्टर आर्टिस्टों की शानदार कलाकृतियों को प्रदर्शित किया गया है, जो यहां आने वाले पर्यटकों और कला प्रेमियों के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।
पहले दिन राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक कन्या पाठशाला धर्मशाला की छात्राओं ने भी विशेष रूप से पहुंचकर इन कृतियों को निहारा। कला संग्रहालय की अध्यक्ष रीतु मलकोटिया ने बताया कि साइलेंट एक्सप्रेशन (मौन अभिव्यक्ति) के उद्देश्य से आयोजित इस प्रदर्शनी में देश के विभिन्न राज्यों से चार विख्यात कलाकार मनप्रीत, मनप्रीत देवगन, नवीन और रूपाली भाग ले रहे हैं। प्रदर्शनी में ऑयल पेंटिंग और मांडला आर्ट सहित करीब 50 कलाकृतियां सजाई गई हैं, जिनमें से अधिकांश में प्रकृति के विविध रूपों को उकेरा गया है। इस दौरान सरस्वती स्वर संगम समूह के कलाकारों ने मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए।
मुख्यातिथि एडीएम शिल्पी बेक्टा ने कहा कि वर्ष 1977 से अंतरराष्ट्रीय संग्रहालय दिवस मनाने की शुरुआत हुई थी। इसका मुख्य उद्देश्य हमारी अनमोल धरोहर, संस्कृति और समृद्ध इतिहास को संजोकर रखना है, ताकि इसे बिना किसी बदलाव के हमारी आने वाली भावी पीढ़ी तक पहुंचाया जा सके।