डलहौजी में वीकेंड का मजा किरकिरा, जाम में फंसे रहे सैलानी

थाना प्रभारी खुद उतरे फील्ड में, पर्यटकों की भीड़ के आगे धरे रह गए सारे इंतजाम पर्यटक नगरी डलहौजी में इस वीकेंड पर्यटकों की भीड़ उमडऩे से कारोबारिय...

डलहौजी में वीकेंड का मजा किरकिरा, जाम में फंसे रहे सैलानी

डलहौजी में वीकेंड का मजा किरकिरा, जाम में फंसे रहे सैलानी

थाना प्रभारी खुद उतरे फील्ड में, पर्यटकों की भीड़ के आगे धरे रह गए सारे इंतजाम

पर्यटक नगरी डलहौजी में इस वीकेंड पर्यटकों की भीड़ उमडऩे से कारोबारियों के चेहरे खिले दिखे। इस वीकेंड पर्यटकों की भीड़ उमडऩे से शहर के होटलों की आक्यूपेंसी सौ फीसदी के आसपास रही। पर्यटकों ने वीकेंड को यादगार बनाते हुए दिन में खजियार, कालाटोप व लक्कड़ मंडी में मस्ती की। सांझ पहर डलहौजी के सुहावने मौसम में शहर के गांधी चौक व सुभाष चौक में विभिन्न चौराहों पर चहलकदमी कर स्ट्रीट फूड का स्वाद चखा। वीकेंड पर पर्यटकों की भीड़ उमडऩे से पुलिस को ट्रैफिक व्यवस्था बेहतर रखना चुनौती बना रहा। खासकर गांधी चौक, सुभाष चौक और खजियार मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। डलहौजी पुलिस थाना के प्रभारी इंस्पेक्टर जगवीर सिंह स्वयं फील्ड में उतरकर शहर के विभिन्न हिस्सों में ट्रैफिक जाम को खुलवाते नजर आए। उन्होंने वाहन चालकों को निर्देश देते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

डलहौजी का प्राकृतिक सौंदर्य सबसे अलग और अदभुत, डलहौजी सचमुच एक शांत और दिल को छू लेने वाला पर्यटक स्थल

वीकेंड पर परिवार सहित अमृतसर से आए पर्यटक प्रभजोत ने अपने अनुभव सांझा करते हुए बताया कि उन्होंने देश-विदेश के कई पर्यटक स्थल देखे हैं, लेकिन डलहौजी का प्राकृतिक सौंदर्य सबसे अलग और अदभुत है। यहां की बारिश, पहाडों पर छाई धुंध और हरियाली मन को सुकून देती है। डलहौजी सचमुच एक शांत और दिल को छू लेने वाला पर्यटक स्थल है। इस वीकेंड डलहौजी के प्रमुख स्थलों माल रोड, सुभाष चौक, पंचपुला कालाटोप और खजियार में पर्यटकों की रौनक देखने को मिली। पर्यटक मानसूनी बारिश के बीच छतरियां लेकर वादियों में टहलते हुए प्रकृति के साथ समय बिताते नजर आए। उन्होंने धुंध से ढके रास्तों पर टहलना, पहाड़ों से लिपटे बादल में सेल्फी लेकर अपने ट्रिप को यादगार बनाया। उधर, होटल व्यवसायियों के अनुसार मानसून सीजन की शुरुआत के साथ ही अधिकांश पर्यटक डलहौजी की शांति, सुहावने मौसम और प्राकृतिक सौंदर्य का लुत्फ उठाने आते हैं। बहरहाल, मानसून की फुहारों और धुंध से घिरी डलहौजी की वादियां इन दिनों प्रकृति प्रेमियों और पर्यटकों के लिए एक स्वप्निल अनुभव बन चुकी हैं