वेलफेयर एसोसिएशन की मासिक बैठक इरावती में प्रधान ओम प्रकाश गोस्वामी के अध्यक्षता में हुई। इसमें जिले और शहर से जुड़े जनहित के कई गंभीर विषयों पर विस्त...
वेलफेयर एसोसिएशन ने किया स्मार्ट मीटर लगाने का विरोध
वेलफेयर एसोसिएशन की मासिक बैठक इरावती में प्रधान ओम प्रकाश गोस्वामी के अध्यक्षता में हुई। इसमें जिले और शहर से जुड़े जनहित के कई गंभीर विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कहा गया कि बार-बार मांग करने के बावजूद मेडिकल काॅलेज में हृदय रोग, कैंसर, न्यूरोलॉजी, नेफ्रोलॉजी जैसे आवश्यक विभाग आज तक शुरू नहीं हो पाए हैं। मरीजों को धर्मशाला, टांडा या अन्य स्थानों का रुख करना पड़ रहा है।
संगठन ने सरकार से मेडिकल कॉलेज में हृदय रोग विशेषज्ञ की नियुक्ति की मांग की है। बैठक में केंद्र सरकार की ओर से प्रस्तावित विद्युत संशोधन विधेयक 2025 के तहत स्मार्ट मीटर लगाने के निर्णय का भी विरोध किया। संगठन ने सरकार से मांग की है कि स्मार्ट मीटर लगाने के निर्णय पर पुनर्विचार किया जाए। इसे आम उपभोक्ताओं पर जबरन लागू न किया जाए। चंबा में तैनात विभिन्न विभागों के कुछ अधिकारियों के व्यवहार पर निराशा जताई गई। सदस्यों ने बताया कि जन भावनाओं और समस्याओं के समाधान के लिए हाल ही में विभिन्न सामाजिक संगठनों के कुछ प्रतिनिधियों और चिंतित जागरूक नागरिकों का प्रतिनिधिमंडल कुछ विभाग अध्यक्षों से मिलने और ज्ञापन देने कार्यालय गया था लेकिन उस समय संबंधित अधिकारी कार्यालय में उपस्थित नहीं थे। ज्ञापन कनिष्ठ अधिकारियों के माध्यम से सौंपना पड़ा। मौके पर उपस्थित अधिकारियों ने यह आश्वासन दिया था कि विभाग शीघ्र ही बैठक आयोजित कर समस्याओं का समाधान करेगा लेकिन आज तक किसी भी संगठन अथवा नागरिक को विभाग की ओर से कोई उत्तर नहीं मिला है। संगठन जनहित में इस उदासीनता और गैर जिम्मेदाराना व्यवहार का विरोध करता है। इस दौरान महासचिव सुरेश कश्मीरी, किशोरी लाल, हरिंद्र सिंह, चैन लाल, डीआर गौतम, भागेश बोहरा, डॉ. ओमप्रकाश पुरी, योग राज पुरी, भागेश पुरी, राजेश सहगल, चेतन मरवाह, सरदार प्रेम सिंह, विश्वनाथ महाजन और पीआर ठाकुर सहित अन्य मौजूद रहे।