अढ़ाई साल की बीमार बच्ची को लेकर आई मां ने सुनाई आपबीती सिविल अस्पताल तीसा में सोमवार रात बच्ची को उपचार हेतु लेकर पहुंची महिला ने चिकित्सक पर अभद्...
इलाज के लिए बोला, तो डाक्टर ने कहे अपशब्द
अढ़ाई साल की बीमार बच्ची को लेकर आई मां ने सुनाई आपबीती
सिविल अस्पताल तीसा में सोमवार रात बच्ची को उपचार हेतु लेकर पहुंची महिला ने चिकित्सक पर अभद्र भाषा का प्रयोग करने का आरोप लगाया है। इसको लेकर महिला ने सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर रोते-रोते अपनी कहानी बयां की है। साथ ही चिकित्सक के खिलाफ पुलिस को लिखित शिकायत सौंप उचित कार्रवाई मांगी है। इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर महिला के वायरल वीडियो के बाद सीएमओ डा. विपिन ठाकुर ने उपायुक्त के आदेशों पर तीन सदस्यीय कमेटी गठित कर चिकित्सक के खिलाफ जांच बिठा दी है। यह जांच कमेटी तीन दिन के भीतर अपनी जांच पूरी कर सीएमओ को रिपोर्ट सौंपेगी। पुलिस ने भी दोनों पक्षों को तलब कर मामले की जांच आरंभ कर दी है। इसी बीच मंगलवार को चुराह के विधायक डाक्टर हंसराज ने भी सिविल अस्पताल तीसा में पहुंचकर बीएमओ व चिकित्सक के साथ बात की। उन्होंने बीएमओ को चिकित्सक के खिलाफ विभागीय कार्रवाई करने को कहा। जानकारी के अनुसार तीसा की एक महिला सोमवार रात साढ़े ग्यारह बजे अपनी अढ़ाई वर्ष की बीमार बेटी को लेकर अस्पताल पहुंची।
चिकित्सक ने फोन पर ही नर्स को लिखवा दी दवाइयां
जहां नाइट ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक मौजूद नहीं थे। इस पर नर्स ने मोबाइल पर चिकित्सक से संपर्क करके बच्ची की हालत के बारे में बताया। इस पर चिकित्सक ने फोन पर ही नर्स को दवाइयां लिखवा दी। इस पर महिला ने आपत्ति जताई कि चिकित्सक बिना जांच के कैसे बच्चे को दवा दे सकते हैं। इस पर नर्स ने यह बात चिकित्सक को बताई। इस पर चिकित्सक ने मोबाइल फोन पर कथित तौर पर अभद्र भाषा का प्रयोग किया। यह बात महिला ने सुनी ली। इस पर महिला ने इस पूरे वाक्या का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंबा हितेष लखनपाल ने कहा कि बताया कि महिला की ओर से लिखित शिकायत सौंपी है। शिकायत के आधार पर दोनों पक्षों को बुलाकर बयान दर्ज किए हैं।
तीन सदस्यीय कमेटी करेगी जांच
खंड चिकित्साधिकारी तीसा डा. ऋषि पुरी ने कहा कि नाइट ड्यूटी पर तैनात डाक्टर खाना खाने के लिए अपने कमरे में गए हुए थे। उन्होंने फोन पर नर्स ही बात की थी। बच्ची की माता के साथ चिकित्सक की सीधी बात नहीं हुई है। मामले की जांच के लिए सीएमओ चंबा डा. विपिन ठाकुर की ओर से तीन सदस्यीय कमेटी गठित कर दी गई है।
डाक्टर ने मांगी माफी
सिविल अस्पताल तीसा में कार्यरत डा. कुलभूषण का कहना है कि उनका ऐसा कोई उद्देश्य नहीं था। अगर फिर भी महिला की भावना को ठेस पहुंची है, तो उसके लिए वह माफी मांगते हैं। उन्होंने साथ ही महिला से भी सार्वजनिक तौर पर छवि खराब करने के लिए माफी मांगने को कहा है।