जनजातीय उपमंडल भरमौर की ग्राम पंचायत गरोला में एक युवक ने घर के कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान अतुल कुमार पुत्र तिलक राज, निवासी ग...
घर के कमरे में फंदा लगाकर युवक ने दी जान
जनजातीय उपमंडल भरमौर की ग्राम पंचायत गरोला में एक युवक ने घर के कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान अतुल कुमार पुत्र तिलक राज, निवासी गांव रैता के रूप में हुई है। पुलिस ने बुधवार को मेडिकल कॉलेज चंबा में शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद इसे परिजनों को सौंप दिया। पुलिस के अनुसार, रैता गांव का अतुल कुमार मंगलवार दोपहर बाद अपने घर के कमरे में गया था। काफी देर तक उसके बाहर न आने पर जब उसकी माता ने कमरे में जाकर देखा तो वह पंखे से रस्सी के फंदे पर लटका हुआ मिला।
माता के शोर मचाने पर अन्य परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस थाना भरमौर की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट या ऐसा अन्य साक्ष्य नहीं मिला है, जिससे युवक के आत्मघाती कदम उठाने के कारणों का पता चल सके। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज चंबा भेजा। प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने इस मामले में बीएनएसएस की धारा 194 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है और आत्महत्या के कारणों की गहनता से जांच की जा रही है।
एसपी चंबा विजय कुमार सकलानी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि नियमानुसार कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले की जांच जारी है।