हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के घुमारवीं में रविवार देर शाम एक हृदय विदारक घटना सामने आई। सीर खड्ड पुल से 10वीं कक्षा में पढ़ने वाली दो छात्राओं ने...
बिलासपुर: सीर खड्ड पुल से दो छात्राओं ने लगाई छलांग, एक का शव बरामद, दूसरी की तलाश जारी
हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के घुमारवीं में रविवार देर शाम एक हृदय विदारक घटना सामने आई। सीर खड्ड पुल से 10वीं कक्षा में पढ़ने वाली दो छात्राओं ने अचानक खड्ड में छलांग लगा दी। इस दुखद घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग पुल के आसपास जमा हो गए।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, अग्निशमन विभाग और बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से खड्ड में तत्काल तलाश अभियान शुरू किया गया। अंधेरा होने और खड्ड का पानी बेहद ठंडा होने के बावजूद बचावकर्मी और स्थानीय लोग दूसरी छात्रा की तलाश में जुटे रहे।
जानकारी के अनुसार, दोनों छात्राएं बरमाणा क्षेत्र की रहने वाली थीं। बताया जा रहा है कि वे शनिवार सुबह सुंदरनगर में परीक्षा देने की बात कहकर अपने घर से निकली थीं। इस दौरान एक छात्रा ने अपने नाना से 200 रुपये भी लिए थे। परिजनों को उम्मीद थी कि दोनों परीक्षा देने के बाद शाम तक घर लौट आएंगी, लेकिन देर रात तक उनके वापस न लौटने पर परिवार की चिंता बढ़ गई थी।
काफी मशक्कत के बाद बचाव दल ने एक छात्रा का शव खड्ड से बरामद कर लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल घुमारवीं में रखा गया है। हालांकि, दूसरी छात्रा का देर शाम तक कोई सुराग नहीं मिल पाया था, जिससे परिजनों और बचाव दल में चिंता बनी हुई है।
पुलिस के अनुसार, बरामद की गई छात्रा बरमाणा क्षेत्र की ही रहने वाली थी, जबकि दूसरी छात्रा प्रवासी परिवार से संबंध रखती थी और बरमाणा में ही रहती थी। दोनों सहेलियां थीं। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि किन परिस्थितियों में दोनों छात्राओं ने यह आत्मघाती कदम उठाया।
रविवार रात अधिक अंधेरा होने और खड्ड के अत्यधिक ठंडे पानी के कारण बचाव अभियान को रोकना पड़ा। पुलिस और बचाव दल सोमवार सुबह दूसरी लापता छात्रा की तलाश के लिए फिर से अभियान शुरू करेंगे। बिलासपुर के एसपी अभिषेक धीमान ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि एक छात्रा का शव मिल गया है और दूसरी की तलाश जारी है।