गांव से लेकर शहर तक गूंजा... चिट्टा नहीं चलेगा

चिट्टे के खिलाफ चंबा जिले में मुहिम शुरू हो गई है। बुधवार को शहर से लेकर गांवों तक जनप्रतिनिधि, पुलिस और आमजन एकजुट हुए और इस नशे के खात्मे की शपथ ली।...

गांव से लेकर शहर तक गूंजा... चिट्टा नहीं चलेगा

गांव से लेकर शहर तक गूंजा... चिट्टा नहीं चलेगा

चिट्टे के खिलाफ चंबा जिले में मुहिम शुरू हो गई है। बुधवार को शहर से लेकर गांवों तक जनप्रतिनिधि, पुलिस और आमजन एकजुट हुए और इस नशे के खात्मे की शपथ ली। साथ ही चिट्टा तस्करों की सूचना तुरंत पुलिस को देने का संकल्प कर रहे हैं।
पार्षदों ने लिया प्रण, तस्करों की तुरंत देंगे सूचना
चंबा। नगर परिषद कार्यालय चंबा में बुधवार को नगर परिषद अध्यक्ष नीलम नैयर की अगुवाई में पार्षदों ने चिट्टे के खात्मे के लिए शपथ ली। उन्होंने प्रण किया कि शहर और उनके वार्डों में चिट्टे का प्रयोग करने वालों और चिट्टा तस्करों की यदि उन्हें कोई सूचना मिलती है तो वे तुरंत पुलिस को सूचित करेंगे। नप अध्यक्ष नीलम नैयर ने कहा कि चिट्टा युवा पीढ़ी को तबाह कर रहा है। ऐसे में हर नागरिक का फर्ज है कि वे इसके खात्मे को लेकर सजग रहे।

चिट्टे के तस्करों का पता चले तो तुरंत बताएं
डलहौजी (चंबा)। विकास खंड भटियात के तहत आती ग्राम पंचायत बलेरा में ग्राम सभा हुई। इसकी अध्यक्षता बलेरा पंचायत उप-प्रधान मनजीत ने की बैठक की। मनजीत ने कहा कि इलाके में चिट्टे के तस्करों के बारे में जैसे ही पता चलता है तो तुरंत पंचायत के ध्यान में लाएं।
इस मौके पर डलहौजी थाना प्रभारी जगबीर ठाकुर ने बतौर मुख्य वक्ता शिरकत की। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि चिट्टे का सेवन समाज में दिन-प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। हमारी नस्लों को खोखला करता जा रहा है। उन्होंने सामाजिक एवं सामूहिक जिम्मेवारी का हवाला देते हुए कहा कि सभी लोग खुलकर सामने आएं और चिट्टे के समाप्ति के लिए अपना योगदान दें।
उन्होंने कहा कि यदि आपको कोई चिट्टे का सेवन करते हुए दिखता है तो आप उसका सामाजिक बहिष्कार न करें बल्कि उसे समझाएं और पुलिस को सूचित करें। बैठक के के बाद थाना प्रभारी ने सभी को शपथ भी दिलाई। इस दौरान उनके साथ पुलिस के अन्य जवान, महिला मंडल, आशा कार्यकर्ता, सिलाई अध्यापिका, वार्ड सदस्य रिंकू, मदन, सुरजीत, सूरज, संसार चंद, कर्म चंद, संजीव और पंकज सहित अन्य मौजूद रहे।
कुगति, होली और गैहरा के लोगों ने ली शपथ

भरमौर (चंबा)। ग्राम पंचायत कुगति, होली और गैहरा में लोगों को चिट्टे का खात्मा करने की शपथ दिलाई गई। यहां पर एंटी चिट्टा ग्राम सभाओं का आयोजन हुआ। इसमें पुलिस की तरफ से लोगों को चिट्टे के प्रति जागरूक किया गया। इसकी लत में पड़ने वाले युवाओं की जिंदगी कैसी हो जाती है, इसके बारे में लोगों को विस्तार से समझाया गया। साथ ही यह भी बताया कि चिट्टा तस्करों की सूचना देने पर सरकार की तरफ से प्रोत्साहन राशि भी दी जा रही है।
गांव-गांव से नशे को जड़ से खत्म करने का लिया संकल्प
चुराह (चंबा)। नशा निवारण के तहत चलाई जा रही जागरूकता मुहिम के तहत ग्राम पंचायत टिकरीगढ़ में एक विशेष ग्राम सभा हुई। ग्राम सभा के दौरान सभी उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और ग्रामीणों ने नशे के खिलाफ शपथ ली। शपथ में यह संकल्प लिया गया कि गांव-गांव से नशे, विशेषकर चिट्टे जैसे घातक नशे, को जड़ से समाप्त किया जाएगा। वक्ताओं ने नशे के सामाजिक, आर्थिक और स्वास्थ्य संबंधी दुष्परिणामों पर विस्तार से प्रकाश डाला और युवाओं से नशे से दूर रहने का आह्वान किया। इसमें नकरोड़ पुलिस चौकी से आए अधिकारियों ने भी भाग लिया और ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के प्रधानाचार्य एवं नशा निवारण कमेटी के अध्यक्ष त्रिलोक नाथ विशेष रूप से उपस्थित रहे। उनके साथ ओजस्वी वक्ता बलबीर सिंह (टीजीटी आर्ट्स) राजकीय उच्च विद्यालय लेसवी, ग्राम पंचायत टिकरी गढ़ के प्रतिनिधि, पंचायत सचिव अरशद मोहम्मद, उपप्रधान राजू राम, प्रधान बबली बेगम और पंचायत के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।