शाहपुर में दुकानों में घुस गया बारिश का पानी, सामान बर्बाद

रैत (कांगड़ा)। शाहपुर में मंगलवार को हुई भारी बारिश ने फोरलेन निर्माण कार्य की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल कर रख दी। बंदला पुल के समीप उचित ड्रेनेज...

शाहपुर में दुकानों में घुस गया बारिश का पानी, सामान बर्बाद

शाहपुर में दुकानों में घुस गया बारिश का पानी, सामान बर्बाद

रैत (कांगड़ा)। शाहपुर में मंगलवार को हुई भारी बारिश ने फोरलेन निर्माण कार्य की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल कर रख दी। बंदला पुल के समीप उचित ड्रेनेज न होने से बाबा मेडिकल स्टोर सहित कई दुकानों में बारिश का पानी घुस गया। दुकानों के भीतर पानी भरने से दवाइयों और अन्य सामान को भारी नुकसान पहुंचा है, जिससे कारोबारियों में भारी रोष है।


प्रभावित दुकानदारों का सीधा आरोप है कि फोरलेन निर्माण के दौरान पानी की निकासी के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए, जिससे बारिश का सारा पानी नालियों में जाने के बजाय सीधे दुकानों में भर गया। घटना की सूचना मिलते ही शाहपुर व्यापार मंडल के अध्यक्ष सुनील वर्मा अन्य पदाधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। व्यापार मंडल ने संबंधित विभाग और निर्माण कंपनी से जल निकासी व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त करने तथा प्रभावित दुकानदारों को उचित मुआवजा देने की मांग की है। उधर, नगर पंचायत शाहपुर क्षेत्र में भी अव्यवस्था के चलते कई कारोबारियों को नुकसान झेलना पड़ा है। सेवानिवृत्त प्रिंसिपल क्रांति अवस्थी की दुकान में पानी भरने से लाखों रुपये का नुकसान बताया जा रहा है।

नगर पंचायत शाहपुर की अध्यक्ष बबीता ठाकुर ने प्रभावित व्यापारियों को सहयोग का भरोसा दिलाया है। उन्होंने कहा कि पूरी स्थिति से स्थानीय विधायक केवल सिंह पठानिया को अवगत करवा दिया गया है और प्रशासन के माध्यम से संबंधित विभागों से वार्ता कर समस्या का स्थायी समाधान निकाला जाएगा।